– चार-चार दिन बाद मिल रहा पानी कई वार्डों में सप्लाई पूरी तरह ठप, नगरवासियों में भारी आक्रोश
भिण्ड, 17 मई। मालनपुर नगर में करोड़ों की उम्मीदों के साथ शुरू की गई घर-घर नल जल एवं अमृत योजना अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। मालनपुर नगर में करीब 98 लाख रुपए की लागत से तैयार की गई योजना पर लापरवाही और अव्यवस्थाओं का ऐसा पलीता लगाया जा रहा है कि भीषण गर्मी के दौर में लोगों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। नगर के कई वार्डों में चार-चार दिन बाद केवल कुछ मिनटों के लिए पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि कई क्षेत्रों में तो पानी की एक बूंद तक नहीं पहुंच रही।
गर्मी अपने चरम पर है और तापमान लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में पेयजल संकट ने आमजन की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। सुबह होते ही महिलाएं और बच्चे पानी के बर्तनों के साथ दूरदराज और निजी बोरिंगों के चक्कर लगाते नजर आ रहे हैं। कई मोहल्लों में लोग पानी खरीदने को मजबूर हैं। मालनपुर नगर की नल जल योजना 5 साल तक की अवधि के लिए ठेकेदार के ही अंदर में है, लेकिन नीचे ले स्तर पर जगह पर पानी चल रहा है, लेकिन कई जगह ऊंचाइयों पर पानी पहुंच नहीं पा रहा है, इस कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह समस्या नगर के हर एक वार्ड में है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अमृत योजना का उद्देश्य हर घर तक नियमित और स्वच्छ पेयजल पहुंचाना था, लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रही है। लोगों का आरोप है कि नगर परिषद और संवंधित विभाग योजना के संचालन में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। पाइप लाइन बिछाने और टंकियों के निर्माण पर लाखों रुपए खर्च किए गए, लेकिन लोगों को उसका लाभ सही तरीके से नहीं मिल पा रहा।
नगर के वार्डों में रहने वाले नागरिकों ने बताया कि कभी कम प्रेशर से पानी आता है तो कभी सप्लाई समय से पहले बंद कर दी जाती है। कई स्थानों पर पाइप लाइन लीकेज की समस्या भी लंबे समय से बनी हुई है, जिससे हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। भीषण गर्मी और पानी की किल्लत से परेशान लोगों में अब आक्रोश बढ़ने लगा है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो वे नगर परिषद कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि जब शासन द्वारा करोड़ों की योजनाएं चलाई जा रही हैं तो फिर जनता को मूलभूत सुविधा के लिए क्यों परेशान होना पड़ रहा है।
नगर वासियों का कहना है कि अमृत योजना की वास्तविक स्थिति की जांच कराई जाए, खराब पड़ी व्यवस्थाओं को तत्काल सुधारा जाए और सभी वार्डों में नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।
इनका कहना है:
”हमारे वार्ड में 3-4 दिन हो जाते हैं पानी नहीं आता आता भी है तो मात्र 15 से 20 मिनट चलकर बंद हो जाता है और कई घरों में तो पानी के कनेक्शन न होने पर पानी पहुंची नहीं रहा जिसकी शिकायत हम जल्द ऊपर अधिकारियों से करेंगे।”
प्रताप सिंह, निवासी ग्राम सिंगवारी”हमारे मोहल्ले में 15 से 20 घरों के कनेक्शन है जिनमें अभी तक पानी पहुंचा ही नहीं है। इस पर मेरे बड़े भाई द्वारा 181 पर शिकायत भी की है।”
मलखान सिंह, निवासी ग्राम तिलौरी वार्ड क्र.9”हमारे वार्ड में सभी जगह तीन से चार दिन छोड़कर पानी आता है, वह भी 10 से 15 मिनट ही छोड़ जाता है, आज तो हम हमारे घर पीने बनाने तक का पानी नहीं है।”
अमित जाटव, निवासी वार्ड क्र.10”इस विषय को लेकर वार्ड, मोहल्ले के लोगों जो पानी की शिकायत है मैं तुरंत ही ठेकेदार से संपर्क कर जल्द से जल्द समाधान करवाता हूं।”
रियान अली, सीएमओ नगर परिषद मालनपुर”नल जल अमृत योजना जो की 5 साल तक की अवधि के लिए रख रखाव के लिए बीएस कॉन्ट्रैक्शन के जिम्मे है, जिसमें जो लोगों को पानी न पहुंचने की समस्या आ रही है, जिसको लेकर मेरे द्वारा इनसे संपर्क करना चाह तो उनके द्वारा कॉल रिसीव नहीं किया गया।”
सुनील शर्मा, बीएस कॉन्ट्रैक्शन


