– जल संरक्षण और रख-रखाव के दिए निर्देश
भिण्ड, 15 मई। ग्रीष्म ऋतु के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। कलेक्टर के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालयीन स्तर कन्या छात्रावास भिण्ड में छात्राओं को शुद्ध और शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाटर कूलर स्थापित किया गया है। जिसका शुभारंभ डिप्टी कलेक्टर कविता यादव ने फीता काटकर किया।
छात्राओं के चेहरे खिले
इस व्यवस्था से छात्रावास की बालिकाओं में भारी उत्साह है। छात्राओं ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि पहले हमें भीषण गर्मी में भी गर्म पानी पीना पड़ता था, जिससे काफी परेशानी होती थी। अब वाटर कूलर लगने से शीतल पानी मिलेगा, जिससे हमें गर्मी से राहत मिलेगी और हम अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित कर सकेंगी।
जल संरक्षण के दिए निर्देश
लोकार्पण के दौरान डिप्टी कलेक्टर कविता यादव ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास अधीक्षिका और उपस्थित स्टाफ को निर्देशित किया कि वाटर कूलर का नियमित रख-रखाव किया जाए ताकि बालिकाओं को कोई असुविधा न हो। इसके साथ ही उन्होंने स्टाफ और छात्राओं को जल संरक्षण (पानी की बर्बादी रोकने) के प्रति जागरूक रहने की भी हिदायत दी। इस अवसर पर छात्रावास प्रबंधन, स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


