– अदनान और अजय ने किया टॉप
भिण्ड, 13 मई। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में शहर के प्रतिष्ठित संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष भी शत-प्रतिशत रहा, जिससे स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में हर्ष की लहर है।
विद्यालय के होनहार छात्र अदनान खान ने 84 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं, अजय अनंत ने भी 80 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसके अतिरिक्त अन्य सभी विद्यार्थियों ने भी सम्मानजनक अंकों के साथ परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता का परचम लहराया है।
सफलता का श्रेय मेहनत और मार्गदर्शन को
इस गौरवमयी उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती गीता रेडू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह परिणाम हमारे विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के विद्यालय पर अटूट विश्वास का साझा फल है। हमें गर्व है कि हमारे छात्र शैक्षणिक के साथ-साथ हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
मैनेजमेंट ने दी बधाई
विद्यालय के चेयरमैन डॉ. विवेक यादव ने सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से शिक्षा प्राप्त कर ये छात्र भविष्य में देश और समाज के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।


