– जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सोनी में शीतल जल प्याऊ का शुभारंभ
भिण्ड, 13 मई। भीषण गर्मी के मौसम में राहगीरों एवं आमजन को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मप्र जन अभियान परिषद मेहगांव द्वारा गठित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सेंथरी ने ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत शीतल जल प्याऊ का शुभारंभ श्रीराम मेडिकल स्टोर सोनी के पास किया गया। ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने विधिवत पूजन अर्चन के साथ जल सेवा की शुरुआत की।
उन्होंने अपने उदेधन कहा कि वर्तमान समय में जल का महत्व और भी अधिक बढ़ गया है। भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना गया है। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है केवल एक नारा नहीं, बल्कि मानव जीवन का आधार है। पृथ्वी पर समस्त जीव-जंतुओं एवं मानव का अस्तित्व जल पर ही निर्भर करता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह जल का संरक्षण करे और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आए। आमजन से जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और पानी की बर्बादी रोकने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष महिपाल सिंह चौहान, सचिव रामधुन सिंह, शेर सिंह, रामनिवास, बलबीर सिंह, गोपाल सहित समिति सदस्यों एवं नागरिकों की उपस्थिति रही।


