-करीब तीन सैकड़ा बाइक और चार पहिया वाहनों रैली में हुए शामिल
भिण्ड, 11 मई। शहर में सोमवार शाम भगवान परशुराम जयंती का ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य चल समारोह निकाला गया। करीब एक किलोमीटर लंबे इस काफिले में 200 से अधिक बाइक और 100 से ज्यादा फोर व्हीलर शामिल हुए। पूरे शहर में भगवान परशुराम और भगवान श्रीराम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

चल समारोह की शुरुआत अटेर रोड स्थित बड़े हनुमान मंदिर से हुई, जहां भगवान परशुराम का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद संत आनंदेश्वर स्वरूपानंद महाराज के सान्निध्य में रैली प्रारंभ हुई। करीब 2 हजार लोग इस आयोजन में शामिल हुए। चल समारोह बेटी बचाओ चौराहा, अग्रसेन चौराहा, परेड चौराहा, सदर बाजार, गोल मार्केट, बजरिया, किला गेट और जेल रोड से होते हुए लहार चुंगी पहुंचा। इसके बाद बायपास मार्ग से होते हुए भगवान परशुराम मंदिर पहुंचकर कार्यक्रम का समापन हुआ। करीब 4 किमी लंबा यह सफर लगभग तीन घण्टे में पूरा किया गया। मन्दिर पहुंचने पर भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान संत आनंदेश्वर स्वरूपानंद महाराज ने भगवान परशुराम के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, युवा और बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं।
चल समारोह का युवा मोर्चा ने किया भव्य स्वागत

भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में ब्राह्मण महासभा और परशुराम सेना द्वारा निकाले गए चल समारोह का शहर के बेटी बचाओ चौराहे पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल रमेश पाठक एवं युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष आशीष शिवशंकर समाधिया ने अपने साथियों के साथ पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर राजेश छुटकी समाधिया, आशीष बौहरे, प्रशांत तिवारी, रामू समाधिया, विकास शर्मा, प्रदीप दंडोतिया, सनी तिवारी, आयुष शर्मा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।


