– एसडीओपी लहार एवं सीएमओ मौजूद
भिण्ड, 11 मई। पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन एवं एएसपी संजीव पाठक के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे संवाद कार्यक्रम के तहत थाना प्रभारी मिहोना रोहित गुप्ता ने मंदाकिनी पैलेस मिहोना में नगर के वरिष्ठजन एवं व्यापारियों के साथ एक बैठक आयोजित की। जिसमें एसडीओपी लहार प्रवीण त्रिपाठी एवं सीएमओ रमाशंकर शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
संवाद में थाना प्रभारी ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठान के बाहर कैमरे आवश्यक रूप से लगाने हेतु निवेदन किया एवं वरिष्ठजनों से अपील की है कि अपने घर के बहार कैमरे लगवाएं, जिससे नगर को सुरक्षित किया जा सके एवं कार्यक्रम में मौजूद सीएमओ से नगर के प्रमुख चौराहों पर कमरे लगवाकर नगर में सुरक्षा हेतु मांग की गई।
चरमराई ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी हुई चर्चा
एसडीओपी लहार प्रवीण त्रिपाठी ने कहा मिहोना नगर में अक्सर ट्रैफिक जाम हो जाता है और देखने में आता है कि नगर के लोग उसमें सहयोग नहीं करते। पुलिस का इंतजार कर मूक दर्शक बने देखते है। उन्होंने कहा कि नगर आपका है, पुलिस आपकी है, आप सहयोग करे, जिससे आमजन में मिहोना नगर के वरिष्ठजनों एवं व्यापारियों का नाम गर्व से लिया जाए और लोगों को होने वाली परेशानियों से भी निजात दिलाई जा सकती है।
थाना प्रभारी ने बताया कि नगर में चेकिंग अभियान में सहयोग करें हेलमेट एवं सीट बेल्ट लगाकर ही ड्राइविंग करें। अगर आप नियमों का पालन करेंगे तो सामने वाला भी आपसे गलत सिफारिश के लिए नहीं बोल पाएगा और आपको आदर्श मानकर हेलमेट लेकर ही निकलेगा। इस मौके पर व्यापारियों एवं वरिष्ठजनों ने आश्वाशन दिया कि हम हमेशा आपके साथ हैं और आप जैसे भी चाहेंगे सहयोग करेंगे। इस मौके पर नगर के सैकड़ों व्यापारी एवं वरिष्ठजन एवं थाना मिहोना का स्टाफ मौजूद रहा।


