– साइबर फ्रॉड से बचने के लिए किया जागरूक
भिण्ड, 11 मई। ग्राम कठवां में स्थित हनुमानजी मन्दिर पर गोहद थाना प्रभारी अभिषेक गौतम द्वारा ग्रामीण चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के दौरान ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
थाना प्रभारी अभिषेक गौतम ने उपस्थित लोगों को बताया कि अनजान मोबाइल कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करना एवं सोशल मीडिया पर आने वाले लालच भरे संदेश, एपीके फाइल आदि साइबर ठगी का कारण बनते हैं। उन्होंने लोगों से बैंक खाते, एटीएम कार्ड एवं मोबाइल नंबर संबंधी जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति को न देने की अपील की। इस दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध होने पर तुरंत पुलिस हेल्पलाइन एवं साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। चौपाल में गांव के बुजुर्ग, युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पुलिस द्वारा लोगों को कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए डायल 112 तथा पुलिस थाना पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान प्रधान आरक्षक रामनिवास दीक्षित, उग्रसेन गुर्जर, प्रदीप तोमर तथा गणमान्य नागरिकों सहित लगभग आधा सैकड़ा से अधिक लोग मौजूद रहे।


