– समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न
भिण्ड, 11 मई। समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत वीर सिंह चौहान सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी तथा कई अधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार लंबित शिकायतों की गहन समीक्षा के बाद स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। 50 और 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को शिकायतकर्ता से बातचीत कर समाधान करें। उन्होंने सभी विभाग अधिकारियों को निर्देशित कर कहा कि कार्यालयों में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान बेहतर साफ-सफाई मिलनी चाहिए, उपस्थिति रजिस्टर मेंटेन होना चाहिए। सभी कार्यालयों के बाहर कार्यालय का नाम लिखा हुआ अनिवार्य रूप से होना चाहिए तथा सभी कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित होना चाहिए। समय पर उपस्थित नहीं होने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
कलेक्टर ने सभी बीएमओ को निर्देशित कर कहा कि मरीजों के प्रति व्यवहार अच्छा रखें, किसी भी प्रकार की शिकायत बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित कर कहा कि आपके विभाग अंतर्गत जितने भी शासकीय भवन रंगाई-पुताई या मरम्मत योग्य हैं, उन्हें चिन्हित कर विभाग से बजट लेकर तत्काल कराएं। सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया कि वे फील्ड में जाकर स्वयं चेक करें कि पात्र हितग्राहियों की समग्र आईडी, ईकेवाईसी और फार्मर रजिस्ट्री है या नहीं, साथ ही शासकीय योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि बंधुआ मजदूरी के प्रकरणों का संवेदनशीलता से चिन्हांकन करें। साथ ही संबंधित अधिकारी फील्ड में जाकर देखें और सुनिश्चित करें कि किसी व्यक्ति से कोई बंधुआ मजदूरी तो नहीं कराई जा रही है। उन्होंने सीएम मॉनिट, सीएस मॉनिट, टीएल पत्र निराकरण की समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


