– लहार एसडीओपी बोले- नशा नाश की जड़
भिण्ड, 10 मई। मिहोना थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत दवरेहा में पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज वर्मा के निर्देशन में एसडीओपी लहार प्रवीण त्रिपाठी एवं मिहोना थाना प्रभारी रोहित गुप्ता ने ग्रामीणों से मुलाकात करते हुए जनसंवाद का आयोजन किया।
एसडीओपी लहार प्रवीण त्रिपाठी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की स्थिति में नशा नास की जड़ बना हुआ है, पहले लोग नशा करते है फिर आपस में लड़ते और अपने परिवार को खत्म कर लेते हैं, इसलिए नशा करने की लत से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज कल सोशल मीडिया के माध्यम से कमेंट बाजी करने से बहुत युवाओं पर मुकद्दमा कायम हो रहे है, जो आगे जाकर उनकी नौकरी में वैरीफिकेशन में बाधा उत्पन्न करते हैं, इसलिए समाज में शांति और भाईचारे के साथ रहें, खूब पढ़ें आगे बढ़ें और नशे से दूर रहें।
थाना प्रभारी मिहोना रोहित गुप्ता ने ग्रामीणों की मौजूदगी में बताया कि आज हमारी युवा पीढ़ी को जागरुक होना जरूरी है, क्षेत्र में होने वाले अपराधों पर नियंत्रण करने के लिए पुलिस हमेशा तत्पर रहती है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि आपके आस-पास कोई घटना दुर्घटना अवैध काम होता है तो डायल-112, महिला हेल्पलाइन सहित पुलिस थाना प्रभारी अन्य वीट प्रभारी को सूचना दें, जिससे घटना होने से पहले समय पर पहुंच सके। उन्होंने महिलाओं से कहा कि आपके घर में आपका भाई बेटा या पति जब भी मोटर साइकिल से कहीं जाने के लिए निकले तो उसे हेलमेट की याद अवश्य दिलाएं, हेलमेट से हमारी जान के साथ साथ हमारे परिवार की जिम्मेदारी निभाने वाले की भी जान हम बचा सकते हैं। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं, बच्चों में भारी उत्सव दिखा। इस मौके पर थाना मिहोना का स्टाफ मौजूद रहा।


