– सभी बच्चों के पूर्ण टीकाकरण पर जोर
भिण्ड, 07 मई। स्वास्थ्य विभाग एवं एनआईसीईएफ/ एमपीव्हीएचए के सहयोग से गुरुवार को मेहगांव ब्लॉक के ग्राम खेरिया थापक में टीकाकरण जागरूकता बैठक आयोजित की गई। जिसमें ग्रामीणों, स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए जागरूक किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए यूनिसेफ एमपीवीएचए के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर गणेश शाक्य ने कहा कि टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों को टीकाकरण सारणी की जानकारी देते हुए बताया कि समय पर लगाए गए टीके बच्चों को स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य प्रदान करते हैं। उन्होंने समुदाय से अपील की कि गांव में ऐसे परिवारों की पहचान करें जो किसी कारणवश बच्चों का टीकाकरण नहीं करा पा रहे हैं। साथ ही स्थानीय जिम्मेदार नागरिकों से भ्रांतियों को दूर कर लोगों को टीकाकरण के प्रति प्रेरित करने का आग्रह किया।
बैठक में एचपीव्ही वैक्सीन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस वैक्सीन महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में सहायक है। 14 से 15 वर्ष की बच्चियों को यह वैक्सीन अवश्य लगवानी चाहिए, जिससे गर्भाशय कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके। इस अवसर पर सीएचओ डॉ. रामवीर गुर्जर, एएनएम प्रियंका, आशा कार्यकर्ता सहित ग्रामीणजन एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


