– स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश
भिण्ड, 06 मई। भारतीय सेना के मध्य भारत सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमाण्डिंग (जीओसी) विकास लाल मंगलवार को भोपाल से भिण्ड पहुंचे। उन्होंने शहर में सैनिकों और पूर्व सैनिकों के लिए संचालित पॉलीक्लीनिक का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जीओसी ने एक्स-रे मशीन, डेंटल मशीन सहित अन्य जरूरी उपकरणों की खरीदने के निर्देश दिए, ताकि पूर्व सैनिकों को बेहतर इलाज मिल सके। दौरे के दौरान जनरल विकास लाल ने पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। पूर्व सैनिकों ने बताया कि भिण्ड में कोई निजी अस्पताल पैनल में शामिल नहीं हैं, जिसके चलते गंभीर मरीजों को ग्वालियर रेफर करना पड़ता है। इस पर उन्होंने भिण्ड में एक निजी अस्पताल को पैनल में शामिल करने का आश्वासन दिया। बैठक में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके परिजन मौजूद रहे।


