– रानीपुरा में महिला के कान से टाप्स खींचे
भिण्ड, 06 मई। जिले के मेहगांव और फूफ थाना क्षेत्र में महिलाओं के साथ लूट की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हंै। संबंधित थाना पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ बुधवार को प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मेहगांव थाना क्षेत्र में भिण्ड-ग्वालियर हाईवे पर हुई घटना की जानकारी देते हुए चंद्रावली पत्नी परिमाल सिंह नरवरिया निवासी अशोखर ने पुलिस को बताया कि सोमवार को दोपहर करीब दो बजे वह अपने देवर उदय सिंह के साथ गोहद में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रही थी। तभी दीक्षित की हवेली के पास पीछे से आई एक सफेद रंग की बिना नंबर की कार ने उनकी बाइक को रोक लिया और कार से उतरे तीन बदमाशों ने देवर को कट्टा दिखाकर धमकाया और चंद्रावली के कानों से सोने के झुमके व गले से मंगलसूत्र छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इसी प्रकार फूफ थाना क्षेत्र के रानीपुरा में उमा देवी पत्नी नरेन्द्र सिंह भदौरिया घर के बाहर खड़ी थीं, तभी बाइक पर सवार सवार होकर तीन बदमाश आए और उनके कानों से टाप्स खींचकर भाग गए। इस दौरान महिला के कानों में चोट आई और खून निकलने लगा।


