– रैली का उद्देश्य भगवान के संदेशों को पहुंचाना है और विप्र युवा शक्ति को संगठन और मजबूत करना है : प्रभंशु बौहरे
भिण्ड, 03 मई। भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में परशुराम सेना द्वारा 8 मई को शहर में बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की सफलता के लिए परशुराम सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहर सहित ग्रामीण इलाकों में जनसंपर्क करते हुए समाज के लोगों को समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं। गुरुवार और शुक्रवार को संगठन के सदस्यों ने शहर सहित विभिन्न ग्रामीण इलाकों में जनसंपर्क किया।
जनसंपर्क के दौरान परशुराम सेना के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा उर्फ सोनू ने लोगों ने कहा कि इस बार भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में संगठन द्वारा भिण्ड शहर में बाइक रैली का आयोजन 8 मई को किया जा रहा है। इस रैली में शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप महाराज मुख्य रूप से शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि रैली लश्कर रोड पर मौजूद पशु अस्पताल से शाम 4 बजे प्रारंभ होकर परेड चौराहा, सदर बाजार, गोल मार्केट, हनुमान बजरिया, मावगंज हाट, जेल रोड, लहार चौराहा होते हुए भगवान परशुराम के मन्दिर पहुंचेगी, जहां पर भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। वहीं शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप महाराज सभा को संबोधित करेंगे।
उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित बाइक रैली का मुख्य उद्देश्य भगवान के आदर्शों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना है। कुल मिलाकर कहा जाए तो भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में निकाली जाने वाली यह बाइक रैली समाज में एकता, जागरूकता, संस्कृति संरक्षण और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम साबित होगा। जिले के फूप में कार्यकारिणी के सदस्य घर-घर जाकर 8 मई के चल समारोह के लिए अमंत्रित कर रहे हैं। इस अवसर पर प्रभांशु बौहरे, अभिषेक शर्मा, शीबू शर्मा, पवन पुरोहित, केके पुरोहित, संतोष दीक्षित, कुलदीप शर्मा और समस्त धर्म प्रेमी मौजूद रहे।


