– बोले- पत्रकारों को एकजुट करना ही मेरा लक्ष्य
भिण्ड, 03 मई। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर के वरिष्ठ पत्रकार एवं शिक्षाविद् लालजी सिंह भदौरिया को प्रेस मीडिया संघ में कल्याण सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति के बाद पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और पत्रकारिता जगत में इसे एक मजबूत व सकारात्मक निर्णय के रूप में देखा जा रहा है। भदौरिया का नाम न केवल मप्र बल्कि देशभर में सम्मान और विश्वास के साथ लिया जाता है।
अपनी निर्भीक, निष्पक्ष और बेबाक पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले लालजी सिंह भदौरिया लंबे समय से जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उनकी लेखनी में न केवल सच्चाई की ताकत होती है, बल्कि आम जनता की आवाज भी साफ सुनाई देती है। यही कारण है कि प्रशासनिक अधिकारी भी उनकी खबरों को गंभीरता से लेते हैं और कई बार उनके उठाए मुद्दों पर तुरंत कार्रवाई देखने को मिलती है। हाल ही में भदौरिया ने मालनपुर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित सब्जी मण्डी मार्ग की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से उठाया था। उनके प्रयासों के चलते यह मामला प्रशासन तक पहुंचा और अब मार्ग के सुधार की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह उनकी सक्रिय और जिम्मेदार पत्रकारिता का जीता-जागता उदाहरण है।
भदौरिया की खासियत सिर्फ खबर लिखना नहीं, बल्कि पत्रकारों को एकजुट रखना भी है। वे हमेशा कहते हैं कि एकजुट पत्रकार ही सशक्त समाज की नींव रखते हैं। नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए वे मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं और समय-समय पर उन्हें नैतिकता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाते रहते हैं। प्रेस मीडिया संघ में कल्याण सचिव बनने के बाद भदौरिया ने स्पष्ट कहा कि उनका पहला और अंतिम लक्ष्य पत्रकारों का कल्याण होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे संगठन से जुड़े हर पत्रकार की समस्याओं को गंभीरता से सुनेंगे और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रेस मीडिया संघ से जुड़कर सभी पत्रकारों का कल्याण करना ही मेरा मुख्य उद्देश्य है और पत्रकारों की एकता को और मजबूत बनाना मेरी प्राथमिकता रहेगी।


