-किसानों से चर्चा कर खरीदी प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की ली जानकारी
भिण्ड, 03 मई। कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने विकासखण्ड अटेर के ग्राम दीनपुरा में भागवती उपार्जन केन्द्र और ग्राम रमा उपार्जन केन्द्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केन्द्र पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर खरीदी प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम अटेर, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने खरीदी केन्द्र की व्यवस्थाओं, तौल, भंडारण एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए केन्द्र प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि किसानों को खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा समस्त व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं। समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी की जाये।
जनगणना कार्य का लिया जायजा
कलेक्टर ने ग्राम रमा में निरीक्षण के दौरान जनगणना संबंधी कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रगणकों, पर्यवेक्षकों, चार्ज अधिकारियों एवं मास्टर ट्रेनरों से चर्चा कर जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों ने बताया कि ऐप डाउनलोड कर लॉग-इन की प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है तथा ऐप के माध्यम से जनगणना संबंधी कार्य संपादित किए जा रहे हैं। साथ ही भ्रमण कर मकान क्रमांकों का सत्यापन भी किया जा रहा है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का लॉग-इन सुनिश्चित किया जाए तथा चार्ज अधिकारी प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।


