भिण्ड, 29 अप्रैल। मालनपुर नगर में आज भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा एवं चल समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ निकाला गया। पूरे नगर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। जगह जगह शोभा यात्रा का स्वागत में फल वितरण व ठंडाई पिलाकर किया गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ मेन चौराहा बड़े हनुमान मन्दिर से विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसमें महिलाओं के सर पर कलश एवं सजी-धजी झांकियों, बैंड-बाजों और गाजेबाजे के साथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में भगवान परशुराम की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केन्द्र रही, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। इस शोभा यात्रा में हाल ही में चर्चित रहे ग्वालियर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अनिल मिश्रा ने भी भाग लिया, जिनका स्थानीय ब्राह्मण समाज बंधुओं ने माला पहनाकर एवं भगवान परशुराम की तस्वीर देकर सम्मान किया।
इस यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम का स्वागत किया। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं महिलाओं और बच्चों की भी बड़ी भागीदारी रही। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। समारोह के अंत में प्रसाद वितरण किया गया और नगर वासियों ने भगवान परशुराम से सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर संयोजक राघवेन्द्र शर्मा, मानसिंह शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, लक्ष्मी नारायण शर्मा, छोटेलाल गौड़, सुरेन्द्र कांकर, पप्पूभाई शर्मा, डीके शर्मा, रमेश गौड़, संतोष शर्मा, रमेश शर्मा, मनोज शर्मा, चंद्रभान शर्मा, विष्णु गौड़, मोहन पटसारिया, परमाल भारद्वाज, मुकेश श्रोतिय, राजकुमार शर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।


