– जनगणना के संदर्भ में एसडीएम ने ली कर्मचारियों-अधिकारियों की बैठक
– 600 से अधिक कर्मचारी रहे उपस्थित
भिण्ड, 29 अप्रैल। भारत सरकार के निर्देशन के क्रम में एक मई से प्रारंभ होने वाले जनगणना कार्य को देखते हुए एसडीएम लहार विजय सिंह यादव की अध्यक्षता में रौन, मिहोना एवं लहार में सुपर वाइजर एवं प्रगणकों की बैठकें लीं। जिसमें डिप्टी कलेक्टर कविता यादव, तहसीलदार रौन श्रीनिवास शर्मा, लहार दीपक शुक्ला व नगर पालिका सीएमओ लहार रमाशंकर शर्मा, सीएमओ दबोह आलमपुर अतुल रावत उपस्थित रहे।
एसडीएम लहार विजय सिंह यादव ने बैठक में बताया कि लगभग हमारे 600 कर्मचारी आगामी मई माह में उनको प्रदाय किए गए क्षेत्र में जाकर जनगणना की प्रथम चरण में मकानों को नंबरिंग देते हुए उनका डाटा डिजिटली तैयार करेंगे। इस कार्य में लगाए गए प्रगणक मुख्य रूप से मकानों की स्थिति, परिवारों को उपलब्ध सुविधाएं तथा परिसंपत्तियों से संबंधित आंकड़ों को संधारित करेंगे, वहीं जनगणना के दूसरा चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी, वह फरवरी-मार्च 2027 के दौरान किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी एवं उनके व्यक्तिगत विवरण एकत्रित किए जाएंगे, उक्त संपूर्ण प्रक्रिया भारत सरकार द्वारा इस बार पूर्ण रूप से डिजिटल रूप में कराई जाएगी।
लिंक के माध्यम से शिक्षित एवं जागरूक नागरिक स्वयं भरे अपना जनगणना फार्म
एसडीएम विजय यादव ने सभी नागरिकों को जागरूकता संदेश देते हुए अनुरोध किया कि शासन द्वारा परिवारों को एक वेव पोर्टल भी इस बार उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक अपना स्वयं का जनगणना फार्म ऑनलाइन भर सकता है। एसडीएम ने अनुरोध किया है कि शिक्षित एवं जागरूक नागरिक आगे आकर उक्त लिंक के माध्यम से अपने एवं अपने परिवार की डाटा को भरने की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस लिंक के माध्यम से भारत शासन द्वारा जनगणना कार्य में उन व्यक्तियों व परिवारों को विशेष रूप से सुविधा देने का प्रयास किया गया है जो सामान्यत कार्य एवं व्यवसाय अथवा अन्य पेशे की वजह से अपने आवासों से दूर रहते हैं। इस लिंक के माध्यम से किसी भी नागरिक द्वारा भरा गया स्वगणना फार्म संपूर्ण जानकारी भरने के बाद प्रगणकों, जनगणना कार्य में लगे शासकीय कर्मचारी के माध्यम से जांच उपरांत डाटा को जमा किया जाएगा।


