– आलमपुर में बिजली के बार-बार आने-जाने का दिनभर चलता है सिलसिला
भिण्ड, 29 अप्रैल। इस समय लोग भीषण गर्मी के दौर से गुजर रहे हैं, तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, ऐसे में आलमपुर के लोगों के लिए बिजली समस्या सबसे बड़ी परेशानी बन गई है। गर्मी के इस मौसम में आलमपुर की बिजली व्यवस्था बुरी तरह से लड़खड़ा गई हैं। कभी लाइन मेंटिनेंस के नाम पर विद्युत आपूर्ति ठप रहती है, तो कभी सेवढ़ा से आई 33 केव्ही बिजली लाइन फाल्ट होने पर बिजली सप्लाई ठप हो जाती है। इसके अलावा बिजली आपूर्ति के समय में भी बार-बार बिजली के आने और जाने का क्रम लगा रहता है। बिजली समस्या के कारण आलमपुर बाजार में बिजली से चलने बाले सभी प्रकार के काम धंधे ठप पड़े हुए है। व्यापारियों के काम धंधे सुचारू रूप से नहीं चलने के कारण उन्हें भारी नुकसान पहुंच रहा है। नगर के अधिकांश वार्डों में बोरबेल से डायरेक्ट पीने के पानी की आपूर्ति होती है। लेकिन अस्त व्यस्त बिजली व्यवस्था के कारण नगर की पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। जिससे नगर में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। नगर के नागरिकों एवं व्यापारियों ने बताया कि बिजली आपूर्ति के दौरान इतने कम वोल्टेज मिल रहे हैं कि लोगों के कूलर, पंखे तक नहीं चल पा रहे हैं। नगर में वोल्टेज की समस्या पिछले कई दिनों से बनी हुई है। लेकिन बिजली विभाग द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। विद्युत अव्यवस्था से आलमपुर के लोग तंग आ गए है। बिजली समस्या को लेकर जनता का आक्रोश दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। यदि वरिष्ठ अधिकारियों ने इस ओर जल्द ही ध्यान नहीं दिया और बिजली समस्या का समाधान नहीं किया तो आलमपुर में किसी दिन बड़ा हंगामा खड़ा हो सकता है।


