-अटेर के ग्राम रोहिंदा निवासी शहीद तोमर अमरनाथ यात्रा में ड्यूटी पर हुए थे शहीद
भिण्ड, 28 अप्रैल। जिले की अटेर तहसील के ग्राम रोहिंदा में शहीद इंस्पेक्टर मोहर सिंह तोमर की प्रतिमा का भावपूर्ण अनावरण किया गया। यहां बता दें कि वर्ष 2022 में अमरनाथ यात्रा के दौरान सीआरपीएफ की 134वीं बटालियन में तैनात रहकर उन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। उनकी शहादत को नमन करने के लिए पैतृक गांव में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व सैनिक संघ के ग्वालियर-चंबल संभागीय अध्यक्ष अरविंद सिंह तोमर मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सूबेदार मेजर राकेश सिंह कुशवाह जिला अध्यक्ष, पूर्व सैनिक संघ भिण्ड और कैप्टन पूरन सिंह भदौरिया अध्यक्ष ग्वालियर शामिल हुए। अतिथियों एवं ग्रामीणजनों ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर शहीद की माता, पत्नी और पुत्रों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने एक स्वर में शहीद मोहर सिंह तोमर एवं अमर रहें के नारे लगाए।
कार्यक्रम में कैप्टन पूरन सिंह सिकरवार, प्रदीप सिंह तोमर, एमडी परमार, हवलदार शिवरतन सिंह तोमर, वीवी सिंह, सूबेदार रामदेव सिंह, यशवंत सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने शहीद मोहर सिंह तोमर की वीरता और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।


