– समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
भिण्ड, 28 अप्रैल। दबोह क्षेत्र की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिस व जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से नवागत थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने कल पदभार ग्रहण करने के बाद अपनी पहली जन सुनवाई की। थाने में आयोजित इस सुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जन सुनवाई के दौरान मुख्य रूप से जमीनी विवाद, पारिवारिक कलह और मोहल्लों में असामाजिक तत्वों के जमावड़े जैसी शिकायतें सामने आईं। थाना प्रभारी ने एक-एक कर सभी फरियादियों की बात को धैर्यपूर्वक सुना और शिकायतों के दस्तावेजों का अवलोकन किया।
रवि उपाध्याय ने कई मामलों में संबंधित बीट प्रभारियों को फोन पर ही निर्देशित किया कि वे मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का जायजा लें और 24 घण्टे के भीतर रिपोर्ट पेश करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीड़ितों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की कार्यप्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाएगा ताकि आम आदमी बिना किसी डर के थाने आ सके।
जनता से सहयोग की अपील
पत्रकारों से चर्चा करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस जनता की मित्र है। अपराध मुक्त समाज के लिए नागरिकों का सहयोग अनिवार्य है। यदि क्षेत्र में कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उनकी इस पहली जन सुनवाई के बाद नागरिकों में पुलिस प्रशासन के प्रति एक नया विश्वास देखने को मिला है। स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी की त्वरित कार्यशैली की सराहना की है।


