– जनअभियान परिषद ने जिले में स्वैच्छिक संगठनों के सशक्तिकरण कार्यक्रम पंख की जिला स्तरीय बैठक आयोजित
भिण्ड, 27 अप्रैल। मप्र जन अभियान परिषद की पंख योजना अंतर्गत स्वैच्छिक संगठनों की जिला स्तरीय बैठक कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड वीर सिंह चौहान, अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएस यादव, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी आरडी मित्तल, उप संचालक पशुपालन विभाग, जिला समन्वयक जन अभियान परिषद भिण्ड डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, सामाजिक न्यास, उद्यमिता, आयुष विभाग के अधिकारी सहित जन अभियान परिषद के समस्त विकास खण्ड समन्वयक और नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि और स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि सरकारी योजनाओं का जमीनी स्तर तक पहुंचाने का कार्य शासकीय विभाग अकेले नहीं कर सकते इसके लिए सामाजिक संगठनों को साथ मिलकर आना होगा। समग्र विकास में स्वयंसेवी संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। जन अभियान परिषद अपने सामाजिक संगठनों के माध्यम से ग्राम विकास के लक्ष्य को लेकर कार्य करें। बैठक में गर्मी से किस प्रकार बचाव करें यह कलेंडर भी जारी किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भिण्ड डॉ. जेएस यादव ने आमजन के लिए लू (हीट वेव) एवं तापघात से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लू के प्रमुख लक्षणों में अत्यधिक प्यास, शरीर का तापमान बढ़ना, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, कमजोरी एवं बेहोशी शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सावधानी बरतना आवश्यक है। एडवाइजरी के अनुसार आमजन दोपहर 12 से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। बाहर जाते समय सिर को ढककर रखें, हल्के रंग के ढीले व सूती कपड़े पहनें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। ओआरएस, नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन करने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों एवं गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। यदि किसी व्यक्ति को लू लगने की आशंका हो तो उसे तुरंत ठंडी जगह पर लिटाकर ठंडे पानी की पट्टियां लगाएं तथा होश में होने पर पानी या ओआरएस पिलाएं। गंभीर स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र या एम्बुलेंस सेवा से संपर्क करें।
कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने जन अभियान परिषद के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी तथा कार्यक्रम की पूरी योजना रखी, तदुपरांत सभी नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने संक्षिप्त में अपने कार्य बताए।
सभी का मार्गदर्शन करते हुए कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने विस्तार से समितियों को कार्य करने के गुर बताए। उन्होंने पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता जैविक खेती प्राकृतिक खेती, नशा मुक्त अभियान, सृजन लोककला, रोजगार एवं पर्यावरण, गौशाला पर विस्तृत मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आप सभी संस्थाएं अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। सामाजिक संस्थाओं से सरकार द्वारा क्षेत्र में अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने, भौगोलिक स्थिति से उनके द्वारा किए जा रहे कार्य कराने के लिए समाज में जागरूकता लाने की अपील की। वायो डायवर्सिटी, स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य करने की आवश्यकता है। सामाजिक समस्याओं का हल समाज से ही निकलता है, जनभागीदारी से असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं। बैठक में चिन्हित स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। मप्र जन अभियान परिषद द्वारा स्वैच्छिक संगठनों के सशक्तिकरण के उद्देश्य से दृष्टि योजना अंतर्गत पंख कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।


