– सभी बच्चों के पूर्ण टीकाकरण पर जोर
भिण्ड, 27 अप्रैल। फूफ ब्लॉक के कमहरौआ उपकेन्द्र अंतर्गत ग्राम कमहरौआ में सोमवार को टीकाकरण जागरूकता को लेकर बैठक आयोजित की गई। जिसमें स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों और समुदाय के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय को टीकाकरण के प्रति जागरूक करना और सभी बच्चों का पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करना था।
बैठक में यूनिसेफ एमपीवीएचए ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सुमित यादव ने टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि टीकाकरण से बच्चे कई जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रहते हैं, इसलिए किसी भी बच्चे का टीका छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने टीकाकरण सारणी के माध्यम से विभिन्न टीकों और उनके समय के बारे में विस्तृत जानकारी दी। ब्लॉक कोऑर्डिनेटर गणेश शाक्य ने कहा कि गांव में ऐसे परिवारों की पहचान करना जरूरी है, जो किसी कारणवश टीकाकरण से वंचित हैं या संकोच कर रहे हैं। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से अपील की कि वे ऐसे परिवारों को जागरूक कर टीकाकरण कार्यक्रम से जोड़ें और भ्रांतियों को दूर करें। बैठक में उपस्थित एफआईसी पालकों से भी आग्रह किया गया कि वे अपने बच्चों के साथ-साथ गांव के अन्य बच्चों के टीकाकरण पर भी ध्यान दें, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उनका स्वस्थ रहना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अटेर जयभान सिंह, एएनएम रीता भदौरिया, आशा कार्यकर्ता उर्मिला सहित अन्य ग्रामीणजन मौजूद रहे।


