– आधारभूत ढांचे से शिक्षा तक एक ही दिन में कोलारस को मिली बहुआयामी विकास की मजबूत नींव
कोलारस, 26 अप्रैल। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कोलारस विधानसभा क्षेत्र को पूर्ण रूप से समर्पित करते हुए एक ही दिन में 87.42 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। दिनभर चले विभिन्न कार्यक्रमों में उन्होंने आधारभूत संरचना, शिक्षा, प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण और कनेक्टिविटी से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। यह दिन कोलारस के विकास इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बन गया। इस दौरान उन्होंने जनसुनवाई में जनता की शिकायतों का समाधान भी किया।
कोलारस में 19.68 करोड़ की परियोजनाओं से शहरी आधारभूत ढांचे को मजबूती
दिन की शुरुआत में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कोलारस में 19.68 करोड़ की लागत से विभिन्न आधारभूत परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री जन-मन योजना के अंतर्गत लगभग 4.6 करोड़ की लागत से बनने वाले बालक एवं बालिका छात्रावास का भूमिपूजन किया, साथ ही 5.34 करोड़ की लागत से बनने वाले जनपद पंचायत भवन का शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त 5 करोड़ की लागत से निर्मित नवीन बस स्टैंड एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया गया, जिससे क्षेत्र में आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। वहीं 4.74 करोड़ की लागत से बनने वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्य का भूमिपूजन कर कोलारस में स्वच्छता एवं शहरी अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
बदरवास में 40 करोड़ के सीएम राइज स्कूल सहित 18.14 करोड़ की परियोजनाओं से शिक्षा और कौशल को नई दिशा
इसके पश्चात बदरवास में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लगभग 40 करोड़ की लागत से निर्मित अत्याधुनिक सीएम राइज स्कूल का उदघाटन किया, जो हाईटेक कक्षाओं, आधुनिक सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए एक मॉडल संस्थान के रूप में उभरेगा। इसके साथ ही 18.14 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया, जिसमें जनपद पंचायत भवन, आईटीआई भवन तथा प्रधानमंत्री जन-मन योजना के अंतर्गत बनने वाले बालक एवं बालिका छात्रावास शामिल हैं। ये सभी पहलें क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
जनसुनवाई में आए 900 से अधिक आवेदन
इसके बाद केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने लुकवासा में जनसुनवाई की, जहां उन्होंने जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया। इस जनसुनवाई में 900 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। कई मामलों का मौके पर निराकरण किया गया और लंबित मामलों के निदान करने के प्रशासन को निर्देश दिए। जनसुनवाई में टोकन प्रणाली के माध्यम से पंजीकरण किया गया और मामलों की ऑनलाइन ट्रैकिंग सुनिश्चित की गई है। यह जनसुनवाई की पहल केंद्रीय मंत्री ने पिछले वर्ष शुरू की थी जिसका अब दूसरा चरण जारी है।
रन्नौद में 9.6 करोड़ की परियोजनाओं से प्रशासनिक व्यवस्था और कनेक्टिविटी को गति
इसके बाद केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने रन्नौद में 9.6 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने 7.9 करोड़ की लागत से निर्मित एकीकृत तहसील भवन का लोकार्पण किया, जिससे आम नागरिकों को राजस्व एवं प्रशासनिक सेवाएं एक ही स्थान पर सुगमता से उपलब्ध होंगी। साथ ही 1.71 करोड़ की लागत से बनने वाली रन्नौद-खोखई मठ सड़क का भूमिपूजन किया गया, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और ग्रामीण अंचलों में आवागमन अधिक सरल और तेज हो सकेगा।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि कोलारस क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी संकल्प के साथ वे निरंतर क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, शिक्षा को आधुनिक बनाने और प्रशासनिक सेवाओं को जनसुलभ बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन दूरदर्शी पहलों से क्षेत्र के विकास को नई ऊर्जा मिल रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से कोलारस विधानसभा क्षेत्र विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।


