– किसानों की गंभीर समस्याओं को लेकर ग्रामीण जिला कांग्रेस के प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर सौंपा ज्ञापन
भिण्ड, 23 अप्रैल। किसानों की परेशानियों को लेकर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर किरोड़ीलाल मीना को सांकेतिक ज्ञापन-पत्र सौंपा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में गेहूं खरीदी व्यवस्था अत्यंत अव्यवस्थित एवं किसानों के लिए कष्टप्रद बनी हुई है। किसान अपनी उपज बेचने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। स्लॉट/ बुकिंग प्रणाली के नाम पर अनियमितताएं हो रही हैं तथा छोटे किसानों को प्राथमिकता देने के दावे भी धरातल पर असफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि खरीदी केन्द्रों पर पारदर्शिता का अभाव, तौल में अनावश्यक विलंब, पंजीयन संबंधी समस्याएं एवं भुगतान में देरी जैसी गंभीर समस्याओं के कारण किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि गेहूं खरीदी व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाया जाए। सभी किसानों को बिना भेदभाव समय पर स्लॉट/ बुकिंग की सुविधा प्रदान की जाए। खरीदी केन्द्रों की संख्या बढ़ाई जाए एवं तौल प्रक्रिया को तेज एवं व्यवस्थित किया जाए। पंजीयन एवं स्लॉट बुकिंग में हो रही अनियमितताओं की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। किसानों को उनकी उपज का भुगतान निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए। छोटे एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देते हुए विशेष व्यवस्था लागू की जाए।
कांग्रेस ने सात दिवस का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि उपरोक्त समस्याओं का समाधान कर गेहूं खरीदी व्यवस्था को सुचारू किया जाए। अन्यथा ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी, किसानों के हित में उग्र आंदोलन करेगी। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता नरोत्तम सिंह नरवरिया एडवोकेट, मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, कार्यालय प्रभारी रामस्वरूप गोयल, विधानसभा प्रभारी भिण्ड अरविन्द यादव, एडवोकेट दीपचंद तिवारी, राजेन्द्र सिंह यादव, बेरोजगार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विवेक जामौर, युवा नेता अभिषेक मौर्य, महावीर सिंह हिंडोलिया, गोलू बघेल आदि उपस्थित रहे।


