– 26 और 29 अप्रैल को पूरा शहर प्रभावित, उद्योगों को भी झटका
भिण्ड, 23 अप्रैल। मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में प्री-मानसून मेंटिनेंस के चलते 25 से 30 अप्रैल तक रोजाना सुबह 6 बजे से 11 बजे तक बिजली शटडाउन की घोषणा की है। उप महाप्रबंधक हरीश मेहता द्वारा जारी आदेश के अनुसार 33 केव्ही और 11 केव्ही फीडरों की मरम्मत के लिए यह शटडाउन लिया जा रहा है।
कब-कहां रहेगी बिजली गुल
25 अप्रैल शनिवार को 33 केव्ही फीडर नं.2 से जुड़े उद्योग प्रभावित होंगे। इनमें मै. पीसी कोस्मा, मोरबी नंदन, मार्बल विनायल, फेडीलिटी एग्रो, न्यूट्रियन ग्लोबल और मातंगी रबर जैसी बड़ी इकाइयां शामिल हैं। 26 अप्रैल रविवार को सबसे व्यापक असर, 33 केव्ही फीडर नं.5, 6 और 11 केव्ही फीडर नं.1, 2, 3 बंद रहेंगे। इससे गोदरेज सोप, जमुना ऑटो, यू फ्लेक्स जैसी कंपनियों के साथ-साथ पूरे मालनपुर नगरीय और ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप रहेगी। 27 अप्रैल सोमवार को फीडर नं.3 से जुड़े एमजीआई रबर, साध्वी फूड, सूर्या रोशनी, व्हीआरएस फूड समेत अन्य औद्योगिक इकाईयां प्रभावित होंगी। 29 अप्रैल बुधवार को 11 केव्ही मालनपुर आबादी फीडर बंद होने से सिंघवारी, तिलोरी, चिरोंगी, हरीराम का पुरा सहित समस्त मालनपुर नगर में बिजली नहीं रहेगी। 30 अप्रैल गुरुवार को लहचूरा मिक्स फीडर से जुड़े लहचूरा, माहौ, डुडीला गांव प्रभावित होंगे।
प्रशासन ने क्या कहा
उप महाप्रबंधक हरीश मेहता के अनुसार मानसून से पहले सभी फीडरों का मेंटिनेंस जरूरी है ताकि बारिश में फॉल्ट कम हों। उपभोक्ताओं को असुविधा के लिए खेद है। साथ ही आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि इन तारीखों में किसी अति महत्वपूर्ण व्यक्ति का दौरा होता है तो शटडाउन स्वत: निरस्त हो जाएगा।
जनता पर असर
लगातार 5 दिन सुबह के 5 घण्टे बिजली न होने से उद्योगों का उत्पादन प्रभावित होगा। वहीं 26 और 29 अप्रैल को घरेलू उपभोक्ताओं को भी परेशानी होगी। गर्मी के मौसम में सुबह के समय पानी की मोटर, कूलर-पंखे बंद रहने से दिक्कत बढ़ेगी।
विभाग की अपील
सभी उच्चदाब और सामान्य उपभोक्ता शटडाउन शेड्यूल देखकर अपने जरूरी काम पहले निपटा लें। मेंटेनेंस पूरा होने के बाद जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।


