– परीक्षार्थियों को परीक्षा के 90 मिनट पूर्व केन्द्र पर उपस्थित होना अनिवार्य
भिण्ड, 23 अप्रैल। राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल हेतु परीक्षार्थियों के लिए कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा के निर्देश पर संयुक्त कलेक्टर द्वारा विशेष सूचना जारी की गई है। जिसमें परीक्षा में अनुमत वस्तुएं ई-प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र, गोले बनाने हेतु निर्धारित स्याही का पेन, स्वयं का फोटोग्राफ यदि आवश्यक हो, पानी की पारदर्शी बॉटल, दिव्यांग परीक्षार्थियों हेतु उनके लिए आवश्यक सामग्री, अन्य कोई सामग्री जो ई-प्रवेश पत्र में निर्दिष्ट हो को लेकर आ सकते हैं।
परीक्षा कक्ष में विर्जत वस्तुएं स्टेशनरी संबंधी सामग्री जैसे- पेंसिल, रबर (इरेजर), व्हाइटनर, स्केल, बैग्स, पठन सामग्री, आईटी गैजेट्स व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे- मोबाइल फोन, पेनड्राइव, कैल्कुलेटर, ब्लूटूथ, हैंडफ्री, डिजिटल घड़ी, स्मार्ट घड़ी, एनालॉग घड़ी, कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य कोई ऐसे उपकरण जो संचार उपकरण के रूप में उपयोग किए जाते हैं, एसेसरीज जैसे- बालों को बांधने वाले क्लचर, बक्कल, हाथ के बैंड, हाथ में पहने जाने वाले मैटेलिक बैंड, चमड़े के बैंड, कमर में पहने जाने वाले बैल्ट, कफलिंक, धूप का चश्मा, पर्स, वॉलेट, टोपी, अन्य वस्तुएं जैसेरू- चाबी, लाइटर्स/ माचिस बॉक्स, किसी भी प्रकार के अस्त्र शस्त्र, शॉर्पनर, ब्लेड तथा अन्य कोई कीमती सामान साथ ही जूते-मोजे पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश वर्जित है। हिजाब, पगड़ी, पल्ला, हाथ में बंधे धागे, बंधन कलावा व ताबीज तथा अन्य धार्मिक मान्यता की वस्तुओं का सूक्ष्मता से परीक्षण किया जाएगा। परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश के दौरान पत्रों फ्रिस्किंग एवं बायोमेट्रिक पहचान की नवीन प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस हेतु समस्त परीक्षार्थियों को अनिवार्य रूप से परीक्षा के 90 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होना है।

