– जागरूकता अभियान ने पकड़ी रफ्तार
भिण्ड, 20 अप्रैल। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर स्थित पुलिस फायर स्टेशन परिसर में अग्निशमन सेवा सुरक्षा सप्ताह का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में औद्योगिक इकाइयों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक, सामाजिक प्रतिनिधि एवं पत्रकारगण उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत अग्निशमन सेवा के महत्व और उसकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए की गई।
फायर स्टेशन प्रभारी निरीक्षक सतीश चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में बताया कि अग्निशमन सेवा केवल आग बुझाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जन-जीवन और संपत्ति की सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1944 में एक मालवाहक समुद्री जहाज में भीषण आग लगने की घटना में 66 दमकल कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर कर्तव्यनिष्ठा और साहस का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया था। उन्हीं वीर जवानों की स्मृति में प्रतिवर्ष 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि इस सप्ताह के दौरान मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न कारखानों, विद्यालयों, अस्पतालों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाए गए। इन अभियानों के तहत लोगों को आग लगने के कारणों, उससे बचाव के उपायों, प्राथमिक अग्निशमन तकनीकों एवं आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, कर्मचारियों और नागरिकों को मॉक ड्रिल के माध्यम से आग से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता को समय की आवश्यकता बताते हुए इस तरह के आयोजनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क और प्रशिक्षित रहना जरूरी है। समापन अवसर पर प्रभारी निरीक्षक सतीश चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हम एक सुरक्षित समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करते हुए दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर अभिषेक पाण्डेय, संजय कुशवाह, अजय पाल यादव, दिनेश तोमर सहित विभिन्न कंपनियों के प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


