– चार गरीब कन्याओं के होंगे हाथ पीले
भिण्ड, 17 अप्रैल। जिले में सामाजिक समरसता और कुरीतियों को खत्म करने की दिशा में एक और सराहनीय पहल होने जा रही है। आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति के तत्वावधान में तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन 19 अप्रैल रविवार को शहर के बीएसएनएल भवन के पीछे स्थित बाबा खाटू श्याम मैरिज गार्डन में आयोजित होगा।
इस संबंध में समिति के मीडिया प्रभारी रविरमन प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रजापति समाज द्वारा लगातार तीसरे वर्ष सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह पूरे सामाजिक सम्मान और रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराना है, ताकि दहेज जैसी कुरीति पर रोक लग सके। आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति के अध्यक्ष राजेश प्रजापति ने बताया कि इस तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन में चार गरीब कन्याओं का विवाह पूरे विधि-विधान से कराया जाएगा। समिति की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का जरूरी सामान भी उपहार स्वरूप भेंट किया जाएगा, जिससे वे अपना नया जीवन आसानी से शुरू कर सकें।
विधायक होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह शामिल होंगे। उनके अलावा जिले के कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, प्रबुद्धजन और गणमान्य नागरिक भी समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में भिण्ड जिले के साथ-साथ मुरैना, दतिया, ग्वालियर सहित अन्य जिलों से भी प्रजापति समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होने पहुंचेंगे। इसके लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
समाज सुधार की दिशा में पहल
आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति पिछले कई वर्षों से समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने और शिक्षा, एकता व उत्थान के लिए काम कर रही है। सामूहिक विवाह सम्मेलन के जरिए समिति फिजूलखर्ची रोकने और दहेज प्रथा खत्म करने का संदेश दे रही है। समिति पदाधिकारियों ने सभी समाजबंधुओं से 19 अप्रैल को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।


