– एक ही डॉक्टर के नाम पर दो राज्यों में सेंटर संचालन की मिली शिकायत
भिण्ड, 16 अप्रैल। एक ही डॉक्टर के नाम पर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर अल्ट्रासाउण्ड सेंटर संचालित होने का आरोप के चलते स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए शहर के हाउसिंग कॉलोनी इलाके में संचालित बांके बिहारी अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार जिला स्वास्थ्य विभाग को शिकायत प्राप्त हुई थी कि उक्त सेंटर डॉ. धर्मेन्द्र धनखड़ के नाम से संचालित हो रहा है। आरोप है कि संबंधित डॉक्टर ने भिण्ड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भी अल्ट्रा साउण्ड सेंटर के लिए पंजीयन करा रखा है। जबकि नियमों के अनुसार एक ही चिकित्सक एक समय में दो स्थानों पर इस प्रकार का संचालन नहीं कर सकता। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ डॉ. जेएस यादव ने डीएचओ डॉ. आलोक शर्मा के नेतृत्व में जांच टीम गठित की। टीम ने मौके पर पहुंचकर सेंटर की जांच की और दस्तावेजों में प्राथमिक स्तर पर विसंगतियां मिलने पर अल्ट्रा साउण्ड सेंटर को सील कर दिया। जांच अधिकारी डॉ. आलोक शर्मा ने बताया कि फिलहाल अल्ट्रासाउण्ड सेंटर को सील कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यदि संचालक निर्धारित समय में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करता है, तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


