– दोपहर में गर्मी से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने दी सलाह
भिण्ड, 16 अप्रैल। जिले में गर्मी के तेवर बढ़ने लगे हैं, दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को झुलसाने लगी हैं, वहीं रात का तापमान भी लगातार बढ़ने से राहत नहीं मिल पा रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में लू चलने की स्थिति बन सकती है।
जिले में गुरुवार 16 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा। दिन में तेज धूप के साथ चल रही गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। उधर रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगी है। तेज धूप और लू जैसे हालात से बचने के लिए लोग पूरे शरीर को ढंककर घर से निकल रहे हैं। युवतियां दुपट्टा और स्टॉल का उपयोग कर रही हैं, वहीं युवा तौलिया या कपड़ा बांधकर चल रहे हैं। महिलाएं भी बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए पूरी तरह ढंककर बाहर ला रही हैं।
मौसम में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए आने वाले दिनों में लू चलने की संभावना जताई जा रही है। तापमान में और इजाफा होने से दोपहर के समय हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। गर्मी बढ़ने के साथ ही जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा है, वायरल बुखार के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार अचानक बढ़ी गर्मी और बदलते मौसम के कारण लोग बीमार हो रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग और विशेषज्ञों ने दी सलाह
जिला स्वास्थ्य समिति ने लू और तापघात को लेकर अलर्ट जारी किया है। सीएमएचओ डॉ. जेएस यादव ने कहा कि बढ़ती गर्मी के कारण लू लगने का खतरा बढ़ गया है। लोगों को दोपहर के समय घर में रहने, ठंडे स्थान पर रहने और अधिक से अधिक तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर के समय भारी काम से बचें, हल्के रंग के कपड़े पहनें और सिर को ढंककर रखें। बाहर निकलने से पहले पर्याप्त पानी पिएं और दिनभर में नींबू पानी, छाछ, लस्सी, आम पना और नारियल पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें। ताजा और स्वच्छ भोजन ही करें, ताकि गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके।


