– प्रदेश की प्रावीण्य सूची में सातवां स्थान
भिण्ड, 15 अप्रैल। अक्सर कहा जाता है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, इसे सच कर दिखाया है दबोह के छोटे से ग्राम बड़ागांव के एक मेधावी छात्र वेदप्रकाश कौरव पुत्र रविशंकर कौरव ने मप्र माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा घोषित 10वीं बोर्ड के परीक्षा परिणाम में बड़ागांव के इस लाड़ले ने न केवल जिले का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे प्रदेश की मेरिट सूची में अपना स्थान पक्का किया है।
ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े इस छात्र ने 500 में से 493 अंक अर्जित कर जिला टॉप किया है। खास बात यह है कि छात्र ने प्रदेश की मेरिट लिस्ट में सातवां स्थान प्राप्त किया है। जैसे ही परिणाम घोषित हुए, पूरे गांव में जश्न का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर और पटाखे फोड़कर छात्र की इस ऐतिहासिक उपलब्धि का स्वागत किया। छात्र ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। छात्र ने बताया कि उसने नियमित रूप से 7 से 8 घंटे पढ़ाई की और कठिन विषयों पर विशेष ध्यान दिया। एक छोटे से गांव से निकलकर प्रदेश स्तर पर पहचान बनाना क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्त्रोत बन गया है। क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने छात्र के घर पहुंचकर उसे बधाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल एक परिवार की जीत नहीं है, बल्कि पूरे गांव के लिए गौरव का क्षण है। छात्र के पिता ने भावुक होते हुए कहा कि बेटे की मेहनत ने आज उनके संघर्षों को सार्थक कर दिया।


