– 2.32 करोड़ के विकास कार्यों का हुआ भव्य लोकार्पण
भिण्ड, 14 अप्रैल। शहर की जीवनरेखा और आस्था के केन्द्र गौरी सरोवर को पर्यटन के मानचित्र पर उभारने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। कायाकल्प 2.0 अभियान के अंतर्गत सरोवर के सौंदर्यकरण और जनसुविधाओं के विस्तार हेतु 2 करोड़ 32 लाख 80 हजार 626 की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न निर्माण कार्यों का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया।
विकास की नई चमक: हेरिटेज पोल और पेवर फुटपाथ
क्षेत्रीय विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर नवनिर्मित हेरिटेज विद्युत पोल, आधुनिक पेवर फुटपाथ और सुरक्षात्मक रेलिंग निर्माण कार्य का जनता को समर्पित किया। इन कार्यों से न केवल सरोवर की सुंदरता में चार चांद लग गए हैं, बल्कि सुबह-शाम भ्रमण करने वाले नागरिकों के लिए भी सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध हो गया है।
शहर की पहचान और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा : नरेन्द्र सिंह
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि यह विकास कार्य केवल ईंट-पत्थर की संरचना नहीं है, बल्कि यह हमारे शहर की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। हमारा संकल्प भिण्ड को सुंदर और व्यवस्थित बनाना है।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष भानु भदौरिया और सीएमओ यशवंत वर्मा ने भी विकास कार्यों की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान शहर के समस्त पार्षदगण, गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में क्षेत्र की जनता-जनार्दन उपस्थित रही। स्थानीय निवासियों ने सरोवर के इस नए स्वरूप (कायाकल्प 2.0) की सराहना करते हुए इसे शहर के लिए एक बड़ी सौगात बताया है।


