– दबोह में प्रथम प्रशिक्षण वर्ग का भूमि पूजन संपन्न
भिण्ड, 14 अप्रैल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जिला लहार के अंतगर्त आयोजित होने वाले प्राथमिक प्रथम प्रशिक्षण वर्ग के भव्य आयोजन के लिए सीनियर बालक छात्रावास के परिसर में पंडितों द्वारा विधि-विधान से भूमि पूजन कराया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता खण्ड संघ चालक शिवनारायण गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य केवल शारीरिक या मानसिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां शिक्षार्थियों को जीने की कला सिखाई जाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के समय में युवाओं को सही दिशा और संस्कारों की आवश्यकता है, जो इस तरह के वर्गों के माध्यम से ही संभव है।
भूमि पूजन के दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में चर्चा की गई कि किस प्रकार यह प्रशिक्षण वर्ग स्थानीय युवाओं के व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होगा। वर्ग में दिनचर्या और संयम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, शिक्षार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न सत्र आयोजित होंगे। प्रशिक्षण के माध्यम से समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प दिलाया जाएगा। भूमि पूजन के पश्चात कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया और वर्ग की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए टोलियां गठित की गईं। स्थानीय प्रबुद्धजनों ने भी इस आयोजन को क्षेत्र की बौद्धिक उन्नति के लिए एक सराहनीय कदम बताया है।
बता दें कि इस वर्ग में जिले के खण्ड मौ, खण्ड रौन मिहोना, मछण्ड, लहार, दबोह आलमपुर से आने वाले शिक्षार्थियों का प्रशिक्षण 22 से 30 अप्रैल तक चलेगा। इस वर्ग में देश भक्ति, समाजिक जीवन जीने की कला की शिक्षा दी जाएगी, जो प्रत्येक व्यक्ति के लिए अति आवश्यक होती है। उन्होंने कहा की दबोह खण्ड में 2006 में प्रथम बार प्राथमिक वर्ग लगा था, जो कि 20 वर्ष बाद इस बार फिर लग रहा है। इस कार्य में सहयोगी तथा सहभागी बनने की अपील की गई है।


