– मरीजों व बस्ती वासियों को वितरित किए फल
भिण्ड, 13 अप्रैल। गोहद के सच्चे जनसेवक एवं पूर्व विधायक स्व. माखनलाल जाटव की पुण्यतिथि पर रविवार को उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर उनके द्वारा किए गए जनहित कार्यों और समाजसेवा को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया।
पुण्यतिथि के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मालनपुर में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर सेवा का संदेश दिया गया। इसके साथ ही वाल्मीकि बस्ती मालनपुर में भी पहुंचकर जरूरतमंद लोगों के बीच फल वितरण किया गया, जिससे कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सेवा भावना पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में सरपंच विश्वनाथ सिंह, सिंधिया ऑनलाइन टीम भिण्ड के प्रभारी सचिन शर्मा, बृजेन्द्र बंसल, ब्रज शर्मा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जिन्होंने स्व. जाटव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें सच्चा जनसेवक बताया।
वक्ताओं ने कहा कि स्व. माखनलाल जाटव का जीवन सदैव समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा में समर्पित रहा। उनके आदर्श और कार्य आज भी क्षेत्रवासियों को प्रेरित करते हैं। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। डॉ. परमाल सिंह तोमर ने अपने संदेश में कहा कि स्व. माखनलाल जाटव एक सच्चे जनसेवक थे, जिन्होंने अपना जीवन समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उनका सरल स्वभाव, जनकल्याण के प्रति समर्पण और निस्वार्थ सेवा भाव हम सभी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हम उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं।


