– समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
भिण्ड, 09 अप्रैल। समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें सीईओ जिला पंचायत वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी तथा कई अधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।
कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभाग अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन के समस्त प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर तत्काल ध्यान केन्द्रित करते हुए इनका प्राथमिकता आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने जिले में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली और सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विस्तृत योजना बनाकर कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण कर लें ताकि कार्यक्रम का सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन कर समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करें।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों के आगमन, बैठक व्यवस्था व अन्य प्रोटोकॉल व्यवस्था, मंच व्यवस्था, आवागम, गर्मी को देखते के हुए कार्यक्रम स्थल पर पेयजल की उचित व्यवस्था, अस्थाई शौचालय, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, हेलीपेड, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से करने को कहा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड धारण कर ही प्रवेश करेंगे, जिससे व्यवस्था में अनुशासन एवं पारदर्शिता बनी रहे।


