– मुख्य आयोजन अभिनंदन वाटिका में, जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
भिण्ड, 09 अप्रैल। महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा राव फुले की जयंती पर सामाजिक जाग्रति मंच द्वारा 11 अप्रैल को भव्य चल समारोह एवं सभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
पूर्व जनपद सदस्य एवं कांग्रेस नेता केदार कौशल ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम सुबह 11 बजे न्यू अभिनंदन वाटिका थाना के पास मौ रोड गोहद पर आयोजित होगा। इसमें क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। मुख्य अतिथि के रूप में भांडेर विधायक फूलसिंह बरैया उपस्थित रहेंगे, जबकि पूर्व विधायक मदन कुशवाह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामशेष बघेल एवं गोहद विधायक केशव देसाई विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष मंजू जगदीश माहौर की भी विशेष उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सरपंच हरनारायण कुशवाह करेंगे। आयोजन के तहत भव्य चल समारोह अटल चौक गोलंबर तिराहा से प्रारंभ होकर गंज बाजार, मैन बाजार, इटायली गेट और बस स्टैण्ड होते हुए सभा स्थल तक पहुंचेगा। इस दौरान शहर में जगह-जगह स्वागत मंच सजाए जाएंगे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा।
केदार कौशल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य महात्मा फुले के सामाजिक न्याय, शिक्षा और समानता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

