-किसानों को मुआवजा दिलाने कांगे्रस करेगी कलेक्ट्रेट का होगा घेराव
भिण्ड, 08 अप्रैल। जिले में लगातार हो रही बारिश और हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसको लेकर कांग्रेस ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया है। ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर 9 अप्रैल गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
जिला कांग्रेस के मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में सुबह 11 बजे कांग्रेसजन पुरानी जेल परिसर के पास स्थित हनुमान मन्दिर के समीप एकत्रित होंगे। जहां से रैली के रूप में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे और परिसर का घेराव करेंगे। प्रदर्शन के दौरान राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी। त्रिपाठी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के बावजूद किसानों को राहत नहीं मिल पा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर किसानों की आवाज बुलंद करने की अपील की है।


