– मुख्य मार्गों से जुड़ें 240 मजरा-टोले, जिपं अध्यक्ष ने दी स्वीकृति
भिण्ड, 07 अप्रैल। जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने जिले के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री मजरा-टोला योजना एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (चतुर्थ चरण) के तहत 240 सड़कों को स्वीकृति प्रदान की है। इन सड़कों की लंबाई लगभग 310 किमी होगी, जिससे जिले के ग्रामीण अंचलों में बसे मजरा-टोलों को सीधा सड़क संपर्क मिल सकेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया का यह निर्णय ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। योजना के तहत करीब 240 मजरा-टोले मुख्य सड़कों से जुड़ेंगे, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। स्वीकृत कार्यों के अनुसार अटेर क्षेत्र में 66 मजरा-टोले लगभग 78 किमी, भिण्ड में 37 मजरा-टोले लगभग 43 किमी), मेहगांव में 57 मजरा-टोले लगभग 77 किमी, गोहद में 65 मजरा-टोले लगभग 86 किम) तथा लहार में 15 मजरा-टोले लगभग 26 किमी सड़क निर्माण से जुड़ेंगे।
कामना सिंह भदौरिया ने कहा कि प्रथम चरण के सर्वे के आधार पर स्वीकृतियां जारी कर दी गई हैं। जिन मजरा-टोलों का नाम सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उनका पुन: सर्वे कराकर शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित न रहे। उन्होंने इसे ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि सुदूर बसाहटों तक सड़क पहुंचने से लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचेगा।


