-आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
भिण्ड, 07 अप्रैल। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने विगत दिनों जिले में हुई ओलावृष्टि एवं बारिश से फसलों में हुए नुकसान को लेकर जिलाध्यक्ष अभिलाख सिंह कुशवाह ने नेतृत्व में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम अपर कलेक्टर एलके पांडे को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि भिण्ड जिले के बीते दिनों बेमौसम बारिश हुई और ओलावृष्टि हुई। इसकी वजह से किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा। इसके अलावा बारिश के दौरान आई आंधी से कई पेड़, बिजली के खंभे टूट गए थे और किसानों के पालतू मवेशियों की मौत हुई थी। इस आपदा ने जिले के किसानों को पूरी तरह से तोड़कर रख दिया है। उनके सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा ने उनकी उम्मीदों को तोड़ दिया। ओलावृष्टि के कारण गेहूं की फसल के दाने झड़ गए और बालियां टूट गईं, जिससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। जिन किसानों ने फसल काटकर खेतों में रखी थी, उनकी उपज भी बारिश में भीगकर खराब हो गई है। मुख्यमंत्री से हमारी मांग है कि सरकार नुकसान का जल्द सर्वे कराकर किसानों को जल्द उचित मुआवजा उपलब्ध कराए। इस मौके पर एडवोकेट बृजेन्द्र सिंह भदौरिया उर्फ बीटू, रामकुमार राजपूत, विनय कुमार, अशोक सिंह जाटव, राजकुमार सिंह राजावत, राजेश शाक्य, कमलेश त्रिपाठी, शिवकुमार राजौरिया, विक्रम शाक्य आदि मौजूद रहे।


