– वजन उठाने वाली प्रतियोगिता में रजत और चांदनी ने बाजी मारी
भिण्ड, 07 अप्रैल। युवाओं को सकारात्मक दिशा की ओर प्रेरित करने के लिए फिटनेस के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बॉडी बिल्डिंग, मेंस फिजिक एवं पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन गोरमी कस्बे में किया गया। इसमें कई प्रतिभागियों ने हिस्सेदारी की।
प्रतियोगिता की वजन उठाने वाली स्पर्धा में पुरुष वर्ग से रजत यादव ने 280 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया तो लड़कियों के वर्ग में चांदनी राजावत 75 किलोग्राम वजन उठाकर पहले स्थान पर रहीं। इसके अलावा बॉडी बिल्डिंग प्रदर्शन प्रतियोगिता में सोनू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद थाना प्रभारी आशुतोष शर्मा ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि टीआई शर्मा ने प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों से कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में अनुशासन, एकाग्रता और आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं। जीवन में किसी भी बड़े लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संयम, धैर्य और एकाग्रचित्त होकर निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। जिम में नियमित अभ्यास और पसीना बहाने से न केवल शरीर मजबूत होता है, बल्कि मानसिक दृढ़ता भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि केवल शारीरिक शक्ति ही सफलता की कुंजी नहीं है, बल्कि संयमित जीवन शैली और सकारात्मक सोच भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। हर प्रतियोगिता व्यक्ति के धैर्य और आत्म नियंत्रण की परीक्षा होती है, जिसमें वही सफल होता है जो इन मूल गुणों को अपनाता है।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर फिटनेस और सकारात्मक दिशा की ओर प्रेरित करना है, ताकि वे आगे बढ़कर अपने क्षेत्र और जिले का नाम रोशन कर सकें।


