– जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता : मंत्री शुक्ला
– आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से गांवों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है : सांसद
– मेहगांव को अटल सुशासन भवन और ग्राम दबोहा को मिली अटल ग्राम सेवा सदन की सौगात
भिण्ड, 06 अप्रैल। मप्र शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सोमवार को भिण्ड जिले के प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों पर लगभग 5 करोड़ 62 लाख 50 हजार से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर जिलेवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी। उन्होंने भिण्ड जिले की जनपद पंचायत मेहगांव में लगभग 5.25 करोड़ के अटल सुशासन भवन (जनपद पंचायत भवन) मेहगांव का भूमिपूजन तथा जनपद पंचायत भिण्ड की ग्राम पंचायत दबोहा में लगभग 37.50 लाख के अटल ग्राम सेवा सदन (ग्राम पंचायत भवन) दबोहा का लोकार्पण वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत संपन्न किया। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।
प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से उन्नत एवं सुव्यवस्थित त्रिस्तरीय पंचायत भवनों की आधारशिला रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में कई अटल सुशासन भवन तथा अटल ग्राम सेवा सदन के निर्माण को स्वीकृति दी गई है। इन भवनों के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों में दक्षता आएगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि अटल सुशासन जनपद भवन एवं ग्राम सेवा सदन भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं। इन भवनों में प्रशासनिक अधिकारियों, मैदानी अमले और जनप्रतिनिधियों के बैठने की व्यवस्था के साथ ही उन्नत मीटिंग हॉल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष एवं रिकार्ड रूम की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे कार्यों में तेजी और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
मंत्री पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। आने वाले 2-3 वर्षों में जिन पात्र लोगों के आवास सूची में नाम हैं उन सबके पास आवास होगा, प्रत्येक गांव पक्की सड़कों से जुड़ जाएगा तथा हर घर तक बिजली पहुंचाई जाएगी। साथ ही वर्ष 2028 तक जल जीवन मिशन के माध्यम से प्रत्येक घर तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। भवन निर्माण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पंचायतों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता है। इसके लिए पंचायतों की आय बढ़ाने, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने स्वच्छ पेयजल, स्वच्छ वातावरण और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक पंचायत को इस दिशा में गंभीरता से कार्य करना होगा। शुद्ध पेयजल और स्वच्छ हवा आने वाली पीढ़ियों के लिए सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि जिले के प्रभारी मंत्री व पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात दी है। जिसमें 19 पंचायत भवन निर्माण, 26 सामुदायिक भवन एवं प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की 55 सड़कें स्वीकृत की हैं। इससे ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार निरंतर विकास के नए आयाम रच रही है। मप्र सरकार ने वृंदावन गांव बनाने का महत्वाकांक्षी कार्य शुरू किया है। यह धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, साथ ही इससे स्थानीय रोजगार बढ़ेगा।
मंत्री शुक्ला ने जल गंगा संवर्धन अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि जल संरक्षण केवल शासकीय योजनाओं तक सीमित न रहकर जन आंदोलन का स्वरूप ले, इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है। वर्षा जल का अधिकतम संचयन सुनिश्चित करते हुए पारंपरिक जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाएं। जल का दुरुपयोग रोकना हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
सांसद संध्या राय ने कहा कि प्रदेश में विकसित किए जा रहे अटल सुशासन भवन ग्रामीण प्रशासन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मेहगांव में निर्मित होने वाला यह जनपद भवन आम नागरिकों को त्वरित एवं बेहतर सेवाएं प्रदान करने में सहायक होगा तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। सड़क, पेयजल, बिजली एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से गांवों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक सुगमता से पहुंच रहा है।
विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। जिन पंचायतों में पंचायत भवन नहीं हैं पूरे मप्र में अटल ग्राम सेवा सदन (ग्राम पंचायत भवन) बनकर तैयार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर पंचायत को सुचारू रूप से चलाना है तो बैठने की व्यवस्था होनी चाहिए। प्रभारी मंत्री का आभारी हूं जो उन्होंने दबोहा पंचायत को पंचायत भवन दिया। निश्चित रूप से जब हमारे पंच-सरपंच एक छत के नीचे बैठेंगे और विचार विमर्श करेंगे तो पंचायत में विकास कार्य तेजी से होंगे।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा, पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


