– जिला कांग्रेस शहर ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
भिण्ड, 06 अप्रैल। ओलावृष्टि एवं तेज बारिश से जिले में गोहद, मौ, रौन, अटेर, मिहोना, लहार, भिण्ड में किसानों की तैयार गेहूं की फसलें पूर्णत: बर्बाद हो गई हैं। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी भिण्ड शहर ने जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में अवगत कराया गया है कि ओलावृष्टि एवं तेज बारिश से बर्बाद हुई फसलों के कारण भिण्ड जिले का किसान अत्यंत परेशान है। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष पैदावार में काफी कमी हुई है। इसलिए प्रभावित फसलों का शीघ्र सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। ओलावृष्टि एवं तेज बारिश के कारण जगह-जगह पेड़ गिरने से विद्युत लाइन एवं खम्बे क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित है, इन्हें तत्काल सुधरवाया जाए। ओलावृष्टि और बारिश के कारण कई स्थानों पर मकान गिरने से जनहानि हुई है तथा कई लोग घायल भी हुए हैं। मृतकों के परिजनों एवं घायलों को शासन की ओर से उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। वन स्टॉप सेंटर भिण्ड में मालनपुर की एक नाबालिग लड़की को मारपीट करके बाथरूम में बंद करने की घटना सामने आई है। इसकी निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित दोषी कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन वालों में वरिष्ठ नेता डॉ. राधेश्याम शर्मा, रामहर्ष सिंह कुशवाह, नगर कांग्रेस अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी, रेखा भदौरिया, डॉ. अनिल भारद्वाज, बृजेन्द्र सिंह भदौरिया मुन्ना, अनुपमा नेहा भदौरिया, शिवशंकर भदौरिया, अविन्द यादव, बलराम जाटव, शंकर जैन, पार्षद दीपक शर्मा, सोहन तिवारी, मुकेश गर्ग, रविन्द्र सिंह, प्रदीप भदौरिया, राजू सिंह आदि प्रमुख हैं।


