– मालनपुर की कंपनियों में भिण्ड के युवाओं को अधिक रोजगार मिले : पुरोहित
भिण्ड, 05 अप्रैल। भारतीय युवा कांग्रेस कमेटी द्वारा संविधान लीडरशिप प्रोग्राम व्हाइट टी-शर्ट अभियान की पहल कार्यक्रम के संबंध में अखिल भारतीय युवा कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता युवराज सिंह यादव एवं युवा कांग्रेस कमेटी भिण्ड के जिलाध्यक्ष मनीष पुरोहित ने संविधान लीडरशिप को लेकर एमडी लॉज जगदीश मैरिज गार्डन में प्रेस वार्ता की।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता युवराज सिंह यादव ने मीडिया को बताया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की मंशानुसार अखिल भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा संविधान लीडरशिप अभियान शुरू किया गया है, इस अभियान को संपूर्ण भारत वर्ष में चलाया जा रहा है। यादव ने कहा कि लोकतंत्र का पांचवां स्तंभ, संवैधानिक मूल्यों पर आधारित यह डिजिटल नेतृत्व की नई पीढ़ी तैयार करने का मंच है। इस अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जुड़ना चाहिए, क्योंकि यह देश के चौथे स्तंभ प्रिंट/ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से सामंजस्य स्थापित कर कार्य करेगी ताकि हर एक नागरिक को शीघ्रता के साथ पूरी और सटीक जानकारी मिल सकेगी। इसका मुख्य उद्देश्य जमीनी वैकल्पिक मीडिया, बहुजन डिजिटल आवाज, विकेन्द्रित नैरेटिव, मजबूत वैचारिक संवाद, फिजिकल+डिजिटल नेतृत्व है। इससे हर आम नागरिक की बात ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी और उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द निदान होगा।
युवा कांग्रेस भिण्ड जिलाध्यक्ष मनीष पुरोहित ने कहा कि आपकी आवाज जरूरी है, क्योंकि यह आम जनता का प्लेटफार्म है, इस अभियान में युवा वर्ग के लोगों को बढ़ चढ़कर जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि भिण्ड जिला अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में जिले के युवाओं को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है, मालनपुर की कंपनियों/ फैक्ट्रियों में भिण्ड के युवाओं को प्राथमिकता मिले, इस संबंध में जल्द ही कलेक्टर से मिलकर मांग करेंगे और मांग नहीं मानी गई तो युवा कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में हो रही बिलंबता को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, दीपक शर्मा पार्षद, दीपू दुबे, युवा कांग्रेस जिला महासचिव फारू चौहान, छोटू भदौरिया रिदौली, राहुल बौहरे, शिवांश शर्मा आदि उपस्थित रहे।


