– माकपा ने मनाई बाबा साहब डॉ. अम्बडकर की जयंती
भिण्ड, 14 अप्रैल। बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वी जयंती पर सीटू और माकपा कार्यकर्ताओं ने सब्जी मण्डी भिण्ड स्थिति उनकी प्रतिमा पर सामूहिक रूप से माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर सीटू जिला अध्यक्ष विनोद सुमन ने बताया कि वर्तमान सरकारों की नीतियों की समीक्षा की जाए तो मार्क्सवादी विचारधारा की केरल और पश्चिम बंगाल की सरकारों ने बाबा भीमराव अम्बेडकर के सपनों को साकार किया है। पश्चिम बंगाल 35 साल वाममोर्चा सरकार ने भूमि सुधार कानून को व्यवहार में लागू करते हुए भूमिहीन, दलित, पिछड़ा, आदिवासी परिवारों को जमीन आवंटित कर मालिकाना हक दिया, जो सम्मान से जीवन यापन का आधार बना। अन्य सभी राज्यों की सरकारों ने यह काम सिर्फ कागजों तक सीमित रखा।
माकपा के क्षेत्रीय सचिव नदीम खान ने बताया कि केरल की वामपंथी सरकार ने बाबा भीमराव अम्बेडकर के पढ़ाई के उद्देश्य को पूरा करने के लिए नर्सरी से लेकर कालेजों तक सभी छात्रों को नि:शुल्क शिक्षा की व्यवस्था की है, जबकि देश की अन्य राज्यों की सरकारे शिक्षा को नि:शुल्क करने में बहुत पीछे हैं, शासकीय स्कूल बंद हो रहे हैं और निजी स्कूलों में अधिक फीस के कारण मेहनतकश लोगों के बच्चे शिक्षा से दूर हो रहे हैं।
भवन निर्माण मजदूर यूनियन सीटू नेता नरेश भटनागर ने कहा कि बाबा भीमराव अम्बेडकर का समाज को संदेश था पढ़ो और आगे बढ़ो, वह पढ़ाई समाज को सभी प्रकार के शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए परिवर्तन लाने वाली होनी चाहिए, समाज के लोगों को बार-बार संदेश दिया कि चोरी से नहीं मेहनत से जीवन यापन करो, नशीले पदार्थों के सेवन से स्वयं का मन, शरीर, परिवार को आर्थिक नुकसान समाज और राष्ट्र में अशांति आती है, इसलिए नशा का बहिष्कार करने लिए कहा था। लेकिन समाज में नशीले पदार्थों का सेवन तेजी से बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में जिला महासचिव अनिल दौनेरिया, एमआर यूनियन के लक्ष्मण सिंह, भवन निर्माण मजदूर नेता नरेश भटनागर, जनार्दन रेड्डी, हम्माल पल्लेदार तुलावटी एकता फैडरेशन सीटू हवलदार सिंह, सादीक खां, कमलेश राठौर, सहाबुद्दीन खां, मनटोले जाटव, मेघसिंह शाक्य, मिथुन जाटव उपस्थित रहे।


